क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर की क्वार्सी पुलिस ने मंगलवार रात मुठभेड़ में बीस-बीस हजार के इनामी दो चोर गिरफ्तार किए हैं। उनकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने क्वार्सी व गांधीपार्क इलाके की कई चोरियों का खुलासा करते हुए उनसे संबंधित माल भी बरामद किया है। यह लोग दिन में बंद मकानों की रैकी करने के बाद रात को उनमें चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।
इंस्पेक्टर क्वार्सी सुनील कुमार सिंह के अनुसार रात को मुखबिर की सूचना पर ज्वालापुरी चौकी क्षेत्र से मुठभेड़ के बाद थान सिंह निवासी पालीमुकीमपुर व लोकेश निवासी कुलदीप विहार क्वार्सी को दबोचा गया।
उनके कब्जे से तमंचे आदि बरामद हुए और पूछताछ में क्वार्सी व गांधी पार्क इलाके में हुई चोरियों शामिल होना स्वीकारते हुए निशानदेही पर इन दोनों ने माल भी बरामद कराया।
इंस्पेक्टर के अनुसार इनके दो साथी 31 दिसंबर को जेल भेजे गए थे। इसके बाद से चार लोग फरार थे। इनमें से अब दो और पकड़े गए हैं और दो अभी फरार हैं। इन दोनों पर एसएसपी की ओर से बीस-बीस हजार रुपये का इनाम घोषित था। इस गिरफ्तारी टीम में इंस्पेक्टर के अलावा एसआई विवेक कुमार, सन्नी कुमार आदि शामिल रहे।
बरामद माल
2 तमंचा 315 बोर व 2 कारतूस, चोरी किए गए माल में से पीली धातु के जेवरात, 10 सिक्के सफेद धातु के, 5 जोड़ी पायजेब सफेद धातु, 2 छल्ले सफेद धातु, पीली धातु, गले का हार पीली धातु, 4 चूड़ियां पीली धातु, चार खडुआ सफेद धातु, 1 छोटी चम्मच सफेद धातु, 1 लर सफेद धातु, व गले का मंगलसूत्र पीली धातु आदि।