क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर के कयामपुर मोड़ पर मंगलवार रात को एक बाइक सवार युवक को एक अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के आधार पर परिजनों को हादसे की सूचना दी।
युवक मेडिकल स्टोर चला परिवार का पालन -पोषण करता था। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। दो मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। छत्रपाल (38) पुत्र कन्हैया सिंह निवासी असहपुर महानगर के क्वार्सी चौराहा के मेडिकल स्टोर चलाता था।
मंगलवार रात को वह दुकान को बंद कर घर जा रहा था। कयामपुर मोड़ पर पहुंचते ही एक अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। इससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। त्वरित उपचार न मिलने पर उसने दम तोड़ दिया।
थोड़ी देर बाद कयामपुर मोड़ से गुजरते एक वाहन चालक ने पुलिस को हादसे की जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे मेें लेकर उसकी जेब से मिले दस्तावेजों के आधार पर परिजनों को सूचना दी।
हादसे की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। देर रात को ही परिजन शव को लेने आ गए। हालांकि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद दोपहर बाद शव परिजनों के सुपुर्द किया।
पुलिस के युवक को टक्कर मारकर अज्ञात वाहन सवार मौके से फरार हो गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।