क्राइम डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
अतरौली कोतवाली के गांव बैमवीरपुर में किशनलाल की हत्या उनके ही सगे भतीजे ने की थी। चोरी के लिए घर में घुसे भतीजे मोहित को आंख खुलने पर ताऊ ने पहचान लिया तो उसने चोरी का राज खुलने के डर में हत्या कर दी। पुलिस ने हत्याआरोपी भतीजे को उसके साथी के साथ दबोच लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पेशेवर चोर है। उस पर पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। पकड़े गए दोनों आरोपियों के पास से नकदी, मोबाइल, जेवर (पीली धातु) बरामद हुआ है। एसएसपी अजय कुमार साहनी ने शुक्रवार को अपने कार्यालय में पत्रकारों को जानकारी दी कि अतरौली पुलिस ने दिवाकर इंटर कॉलेज के मुख्य द्वार बैमवीरपुर के पास से दो चोरों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि इन दोनों ने ही कुछ दिन पहले बुजुर्ग किशनलाल की हत्या की थी।
इस तरह दिया वारदात को अंजाम
28 अगस्त को गांव बैमवीरपुर निवासी किशनलाल अपने घर में मृत मिले थे। उनके मुंह से खून बहा हुआ था। घर से नकदी, मोबाइल, घड़ी, जेवर चोरी हो चुके थे। 30 अगस्त को थाना प्रभारी प्रवेश राणा हमराह सिपाहियों के साथ गश्त पर थे तभी मुखबिर से सूचना मिली कि गांव बैमवीरपुर गांव में चोरी करने वाले दो बदमाश दिवाकर इंटर कॉलेज के गेट पर चोरी के माल का बटवारा कर रहे हैं। दोनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में दोनों ने बताया कि वह अपने अपने चेहरों पर कपड़ा बांधकर किशनलाल शर्मा के घर पर चोरी करने गए थे। घर पर उन्हें महज 650 रुपये मिले। रुपये कम मिलने पर वह किशनलाल के कमरे में पहुंचे। मोहित ने उनसे पूछा कि तुम्हारे रुपये कहां रखे हैं? इस पर ताऊ ने कहा कि मोहित तुम? वह हमें पहचान गए थे, इसलिए हमने उनका मुंह दबाया तो खून की उल्टी आ गई और वह बेड पर गिर पड़े। इसके बाद अलमारी से कंगन, घड़ी व करीब 650 रुपये तथा मृतक का मोबाइल जिसका सिम निकाल दिया था, को लेकर भाग गए। भागते समय दो कंगन कहीं गिर गए थे। कुछ रुपयों की हमने दारू पी ली थी। बचे 370 रुपये, मोबाइल, एक लेडीज पीली धातु और दो कंगन पुलिस ने बरामद कर लिए।
यह हुए हैं गिरफ्तार
1- मोहित शर्मा पुत्र हरिबाबू निवासी बैमवीरपुर, अतरौली
2- बृजेश कुमार पुत्र प्रेमबाबू निवासी बैमवीरपुर, अतरौली