न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर के शमशाद मार्केट से भमोला की ओर जा रहे पुल पर गुरुवार सुबह छह लोगों से भरी एक मारुति वैन आग का गोला बन गई। गनीमत रही कि चालक सहित सभी सवारियां आग लगते ही कार से बाहर निकल आए, जिससे सभी की जान बच गई।
कार में आग लगने से आसपास के लोगों में हलचल मच गई। लोग कार के फ्यूल टैंक के फटने की आशंका के चलते इधर-उधर भाग गए। सूचना पर दमकल भी पहुंच गई। मगर, तब तक कार आग का गोला बन चुकी थी। कार मालिक मो. चांद खां निवासी धौर्रा माफी, सिविल लाइंस ने बताया कि वह भाड़े पर कार को चलाता है।
घटना के समय भी सवारियों को छोड़ने जा रहा था। अचानक आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी। दमकल की गाड़ी भी कार को जलने से न बचा सकी। गनीमत रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।