क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर में लगातार हो रही झपटमारी के खिलाफ चल रहे अभियान में क्वार्सी पुलिस को सफलता हाथ लगी है। क्वार्सी पुलिस ने चार स्नेचर दबोचे हैं, जिनसे लूटे गए सात मोबाइल बरामद हुए हैं। इन चारों ने स्वीकारा है कि वह सुनसान इलाके में किसी भी महिला पुरुष को निशाना बनाकर लूट लेते हैं। चारों पर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
इंस्पेक्टर क्वार्सी संजीव दुबे के अनुसार एसएसपी के निर्देशन में चल रहे अभियान में रामघाट रोड गंदा नाला पुलिया से चेकिंग के दौरान लूट में प्रयुक्त बाइक सहित चार बदमाश दबोचे गए।
इन्होंने अपने नाम आदिल निवासी गली नंबर एक जीवनगढ़ क्वार्सी, शेखर राघव निवासी ट्रक गेट कासिमपुर जवां, इमरान निवासी गली नंबर 11 जाकिर नगर क्वार्सी व फैजान पुत्र इस्लाम निवासी गली नंबर एक जीवनगढ़ बताए।
उनके कब्जे से चोरी व लूट के 1 आईफोन सहित, सैमसंग व अन्य कंपनियों के सात मोबाइल, महिला घड़ी आदि बरामद किया गया। चारों ने रामघाट रोड सहित अन्य इलाकों में झपटमारी स्वीकारी है। इन चारों पर क्वार्सी, जवां व सिविल लाइंस में मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा क्वार्सी पुलिस ने नाबालिग चोरी के आरोपी को ओजोन सिटी के पास से गिरफ्तार किया है।