न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
कासगंज में हुई हिंसा का शिकार हुए चंदन गुप्ता की शोकसभा में वहां जा रहीं हिंदू महासभा की राष्ट्रीय सचिव डॉ. पूजा शकुन पांडेय को पुलिस ने सोमवार को उनके नौैरंगाबाद के बी दास कंपाउंड स्थित घर में नजरबंद कर लिया।
डॉ. पूजा शकुन पांडेय चंदन गुप्ता के परिजनों से बातचीत के बाद सोमवार को कासगंज शोकसभा में पहुंचने वाली थीं। डॉ. पूजा शकुन पांडेय ने कहा है कि वह अपनी जान देकर भी चंदन के परिजनों को इंसाफ दिलाएंगी। उन्होंने अपने आवास से ही चंदन को श्रद्धांजलि भी दी।
डॉ. पूजा शकुन पांडेय रविवार को कासगंज पहुंच गई थीं। इसके बाद पुलिस उनकी एक-एक गतिविधि को लेकर अलर्ट थी। सोमवार को उन्होंने अपने आवास पर कहा कि चंदन की मौसी और बहन का आह्वान था कि मैं वहां आऊं।
इसके बाद कासगंज के एसपी का फोन आया कि वह न आएं, लेकिन मैंने वहां पहुंचने की बात दोहराई। इसके बाद अलीगढ़ की पुलिस ने मेरे घर को घेर लिया।
सीओ पंकज श्रीवास्तव के साथ पुलिस दल उनके आवास पर पहुंच गया। उन्होंने कहा कि मुझे मेरे घर में नजरबंद करके मेरी स्वतंत्रता और मौलिक अधिकारों का हनन किया गया है।
उन्होंने कहा कि उनको नजरबंद किए जाने में स्थानीय पुलिस और प्रशासन दोषी नहीं है। वह तो वही करेंगे जो उन्हें ऊपर से आदेश मिला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकारों में सुनते थे कि पाबंदी लगाई जा रही है। मेरी केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार से अपील है कि वह चंदन के परिजनों को इंसाफ दिलाएं।