न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
उड़ान सोसाइटी द्वारा संचालित चाइल्ड लाइन की मदद से एक मां का इकलौता बेटा आठ माह बाद सकुशल मिल गया। अपने बेटे को सकुशल देख उसकी मां के आंसू छलक आए। उड़ान सोसाइटी के निदेशक ज्ञानेंद्र मिश्रा ने बताया कि वर्ष पूर्व मई माह में संजय सोनी का चौथी कक्षा में पड़ने वाला इकलौता पुत्र शौर्य घर से सामान लेने के लिए निकला। इसके बाद लौटकर नहीं आया।
पिता ने बेटे की गुमशुदगी गांधी पार्क थाने में दर्ज कराई। तीन दिन पूर्व सोसाइटी निदेशक ज्ञानेंद्र मिश्रा को चाइल्ड लाइन फिरोजाबाद से बच्चे के बारे में सूचना मिली। पता चला कि अलीगढ़ का एक बालक आठ माह से फिरोजाबाद के बालगृह में रह रहा है। सोसाइटी के प्रयासों से बच्चा अलीगढ़ आया और उसके परिजनों को खबर दी। परिजनों ने अपने बेटे को सकुशल देखा तो उनके आंखों से आंसू निकल आए।