क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़
महानगर के गांधी पार्क क्षेत्र की बैंक कॉलोनी निवासी सौरभ शर्मा (21) पुत्र मनोज शर्मा की हत्या करने वाले हिमांशु भारद्वाज पुत्र ललित कुमार भारद्वाज निवासी सराय दुबे, गांधी पार्क और रोबिन पुत्र सत्यपाल सिंह राना निवासी अमरपुर, कोंडला, लोधा को बुधवार को थाना सासनी गेट पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा। इनके पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू और मृतक की मोटर साइकिल बरामद की गई।
वारदात के पीछे रोबिन मुख्य आरोपी के तौर पर सामने आया है। इंस्पेक्टर सासनी गेट अरुणा राय ने बताया कि रोबिन ने अपनी प्रेमिका का खर्च उठाने को हॉस्पिटल से पैसों की हेरफेर करता था। इस बात की भनक संचालक को लग गई। उसने सौरभ को निगरानी के लिए उसके पीछे लगा रखा था। साथ ही सौरभ के रोबिन की प्रेमिका से बातचीत करने की बात सामने आ रही है। इसी बात को लेकर रोबिन ने हॉस्पिटल में ही साथ काम करने वाले हिमांशु भारद्वाज के साथ साजिश रचकर दोनों ने मिलकर सौरभ की गला रेतकर हत्या की थी।