न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
सपा सरकार में खनन मंत्री रहे गायत्री प्रजापति के शूटरों द्वारा हमला किए जाने के मामले में पीड़ित अंशू गौड़ ने जीरो पर रिपोर्ट थाना क्वार्सी में दर्ज कराने के लिए मुख्यमंत्री को पत्र लिखा। इसके बाद एसएसपी ने इस मामले में सीओ तृतीय को कार्रवाई कर रिपोर्ट प्रेषित करने के आदेश दिए हैं।
थाना क्वार्सी के महावीर पार्क में रहने वाले अंशू गौड़ ने कहा है कि 28 अक्तूबर 2016 को उसके ऊपर लखनऊ में फन माल के पास दिन दहाड़े सपा सरकार में मंत्री रहे गायत्री प्रजापति ने गोली चलवायी।
साथ ही उसकी मुंह बोली बहन कोे भी उठाने का प्रयास किया। यहां पर बहन के 164 के बयानों में दर्ज है। मुंह बोली बहन सपा सरकार में एफआईआर दर्ज कराने के लिए भटकती रही, लेकिन उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई।
उसे भय है कि अपने ऊपर हुए हमले की रिपोर्ट दर्ज कराने वह लखनऊ गया तो वहां उसकी जान को खतरा है। इसलिए थाना क्वार्सी में उसकी रिपोर्ट जीरो पर दर्ज कर ली जाए। इस संबंध में एसएसपी ने सीओ तृतीय को कार्रवाई कर रिपोर्ट प्रेषित करने के आदेश दिए हैं।