न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
सासनी गेट के एक चिकित्सक को पिछले पांच वर्षों से बकाया नहीं देने पर नोटिस थमाने पर भड़के भाजपा नेता ने नगर निगम के सेवा भवन में घुसकर राजस्व निरीक्षक के साथ अभद्रता और गाली गलौज की। पीड़ित राजस्व निरीक्षक शकील ने कहा है कि नगर आयुक्त के वापस आने पर पूरे प्रकरण से अवगत कराएंगे।
नगर निगम सेवा भवन के तृतीय तल पर कमरा संख्या 303 में बैठने वाले राजस्व निरीक्षक शकील ने बताया कि सासनी गेट के एक चिकित्सक पर पिछले करीब पांच वर्षों से सरकारी बकाया है। प्रति वर्ष इनको नगर निगम को करीब 3600 रुपये देने होते हैं।
इस तरह पांच वर्षों का 18 हजार रुपये बनता है। बकाया जमा नहीं करने पर करीब एक हजार रुपये जुर्माना भी था जो इन्होंने जमा कर दिया है। यह सरकार का बकाया है। इसी बकाए का इनको नोटिस दिया गया था। गुरुवार को स्वयं को पार्षद बताने वाले एक भाजपा नेता नोटिस के साथ आए और आने के साथ ही अभद्रता करनी शुरू कर दी और बकाया समाप्त करने का दबाव बनाया।
साथ ही कहा कि तुम्हारे अधिकारी हमारे पैर छूते हैं और तुम हमें नोटिस देते हो। विरोध जताने पर गाली गलौज करनी शुरू कर दी। अन्य स्टाफ के हस्तक्षेप के बाद वह वहां से जाने को मजबूर हुए। इस घटना के बाद नगर निगम कर्मियों में रोष है। नगर आयुक्त के आने पर उन्हें पूरी घटना से अवगत कराने की तैयारी की जा रही है। इसके बाद ही आगे की रणनीति तैयार होगी।