क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
थाना सासनी गेट क्षेत्र के बराई मोहल्ला में रविवार को एक किशोरी ने संदिग्ध हालात में विषाक्त पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे आनन-फानन रामघाट रोड स्थित एक प्राइवेट ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। यहां दोपहर के करीब उसकी मौत हो गई। परिजन शव को ले जाने लगे। इसी दौरान सूचना पर सासनी गेट पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर देर रात पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्थिति स्पष्ट नहीं होने पर पुलिस ने विसरा संरक्षित कर विधि विज्ञान प्रयोगशाला भिजवा दिया है।
सासनी गेट के बराई मोहल्ला में रहने वाली किशोरी ने सुबह घर पर ही विषाक्त पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों को विषाक्त पदार्थ खाने की बात पता लगी। तत्काल उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। बताया जा रहा है कि वह कई दिनों से किसी बात को लेकर तनाव में थी। थाना सासनी गेट इंस्पेक्टर अनूप कुमार के अनुसार परिवार वाले किशोरी की मौत के संबंध में फिलहाल कुछ भी बता नहीं रहे हैं। तहरीर भी नहीं मिली है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। विसरा संरक्षित कर एफएसएल भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।