क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
असम के मरियानी जंक्शन से दिल्ली जा रहे दिल्ली के एक लकड़ी कारोबारी की कलुआ स्टेशन के पास ट्रेन से गिरने से मौत हो गई। ब्रह्मपुत्र मेल में सवार कारोबारी अपने भाई के साथ सफर कर रहा था। बताया जा रहा है कि वह शराब के नशे धुत था। इसी कारण ट्रेन से गिर गया। कलुआ स्टेशन पर पटरी किनारे पड़े शव की सूचना मिलने पर जीआरपी थाना पुलिस पहुंच गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर राजेश कुमार के अनुसार चितरंजन बौहरा निवासी हथी मुरिया, चोरहथ, असम ने कलुआ स्टेशन पर मिले शव की शिनाख्त भारत बौहरा के तौर पर की। चितरंजन के अनुसार मृतक उसका भाई है। वह मरियानी जंक्शन से दिल्ली भारत बौहरा के साथ जा रहा था। अलीगढ़ जंक्शन आने से पहले मेरी आंख लग गई।
गाजियाबाद के पास आंख खुली तो भाई गायब था। काफी तलाशी की मगर उसका सुराह नहीं लगा। चितरंजन के अनुसार भारत ने रात को शराब पी ली थी। शायद शराब के नशे में ही वह ट्रेन से गिरा होगा। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।