न्यूज डेस्क, अमर उजाला, खैर (अलीगढ़)।
शौचालय निर्माण में अनियमितता पर नगौला ग्राम पंचायत के प्रधान और पंचायत सेक्रेटरी के खिलाफ रुपयों का दुरुपयोग करने की एफआईआर दर्ज कराई गई है। उन पर 17 लाख 28 हजार रुपये के दुरुपयोग करने का आरोप है। इस कार्रवाई से अन्य ग्राम पंचायतों में हड़कंप मच गया है।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत गांवों में सरकारी अनुदान से शौचालयों का निर्माण कराया जा रहा है। चार सितंबर को खैर तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में गांव नगौला के निवासियों ने शौचालय निर्माण में घटिया सामग्री के उपयोग की शिकायत की थी।
इस पर डीएम चंद्रभूषण सिंह ने डीपीआरओ को जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए थे। जांच रिपोर्ट में बड़ी गड़बड़ी पाई गई। शौचालयों के पिट कवर टूटे मिले। सोख्ता और टैंक के नाम पर एक-एक गड्ढा ही खोदा गया था। गांव में बने सभी 144 शौचालय गुणवत्ता और मानक पर खरे नहीं पाए गए।
जांच रिपोर्ट के अनुसार घटिया सामग्री का उपयोग किया गया था। इस पर बीडीओ खैर रिजवान हुसैन की ओर से शौचालय निर्माण में 17.28 लाख रुपये के दुरुपयोग कर गबन करने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
इंस्पेक्टर खैर छोटेलाल ने बताया कि उच्चाधिकारियों के आदेश पर ग्राम प्रधान और सचिव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है। नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।