न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
सादाबाद। गांव कुकटई निवासी रामेश्वर सिंह पुत्र बिहारी सिंह ने थाने में तहरीर दी है। उन्होंने कुछ लोगों पर अपने भाई की हत्या करने का आरोप लगाया है। तहरीर में कहा गया है कि उसका सगा छोटा भाई सतेंद्र सिंह पुत्र बिहारी सिंह मथुरा रोड स्थित एक शीतगृह पर पिछले करीब पांच-छह साल से मुनीम के पद पर कार्यरत था।
सतेंद्र सिंह 26 अक्तूबर को सुबह नौ बजे शीतगृह पर ड्यूटी करने गया था। वह शीतगृह से ड्यूटी कर रात करीब 10.50 बजे बाइक से चले। रात को करीब 12 बजे गांव के कुछ लोगों ने सूचना दी कि तुम्हारे भाई की बाइक मंडी समिति से 150 मीटर की दूरी पर मेन रोड से गांव की तरफ की सड़क पर खड़ी है।
उसी के पास सड़क किनारे तुम्हारा भाई पड़ा है। सूचना पर जब पिता, वह और गांव के अन्य लोग पहुुंचे तो उसके भाई की सांस नहीं चल रही थीं। जब सतेंद्र को लेकर सीएचसी पहुंचे तो वहां डॉक्टरों ने सतेंद्र को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम भी कराया। रामेश्वर ने तहरीर में कहा कि उसके भाई की किसी ने हत्या की है। घटना स्थल पर मृतक की डायरी और रुपया और मोबाइल फोन भी पड़े मिले हैं। तहरीर में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया।