न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
यूपी पुलिस के महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट सीसीटीएनएस के तहत हर थाना कंप्यूटरीकृत हो गया और मुकदमे भी ऑनलाइन दर्ज होने लगे। मगर अभी तक विवेचक विवेचना करते समय अपनी केशडायरी ऑनलाइन अंकित न कर कागजों पर ही काट रहे हैं।
जिले में इस व्यवस्था के प्रति एसएसपी ने गंभीर रुख अपनाते हुए स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आज बुधवार से हर हाल में हर विवेचक अपनी विवेचना ऑनलाइन करते हुए केशडायरी भी ऑनलाइन काटगा। वरना विवेचक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। देर रात चुनाव संबंधी बैठक में एसएसपी ने यह निर्देश जारी किए हैं।
एसएसपी आकाश कुलहरि ने मंगलवार रात चुनावी तैयारियों को लेकर सीओ स्तर तक के अधिकारियों की बैठक में विवेचना व केशडायरी ऑनलाइन न होने के तथ्य पर चर्चा करते हुए कहा कि जब थानों में मुकदमे ऑनलाइन दर्ज हो रहे हैं तो विवेचक अपनी विवेचना ऑनलाइन क्यों नहीं कर रहे।
इसे लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि हर विवेचक को निर्देशित कर दिया जाए कि आज 6 मार्च की तारीख से किसी विवेचना की केश डायरी ऑनलाइन नहीं मिली तो विवेचक सीधे नपेंगे। केश डायरी अदालत में भी ऑनलाइन ही दाखिल होंगी।
फिर बाइक पर निकले एसएसपी, चेकिंग न करने वालों को खूब डांटा
एसएसपी द्वारा औचक चेकिंग के लिए चलाए जाने वाले ऑपरेशन ऑल आउट के तहत मंगलवार शाम तीन घंटे की जिले में चेकिंग कराई गई। इस दौरान एसएसपी आकाश कुलहरि खुद बाइक पर सवार होकर चेकिंग अभियान का जायजा लेने निकल पड़े।
इस दौरान कई प्वाइंटों पर उन्हें पुलिस स्टाफ चेकिंग करने के बजाय गप्पें हांकते मिला, इस पर उन्होंने स्टाफ को जमकर डांटा और वहां के थानेदार व सीओ को चेतावनी दी कि अगर भविष्य में यह हाल मिला तो उनसे जवाब तलब किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने सिविल लाइन, जमालपुर, लाल डिग्गी, रामघाट रोड. जीटी रोड. स्वर्ण जयंती सहित पुराने शहर का भ्रमण किया।
कई जगहों पर खुद भी संदिग्ध खड़े युवकों से पूछताछ की। कई मुख्य चौराहों पर चेकिंग में हीलाहवाली मिली। इस पर एसएसपी ने संबंधित सीओ और थाना प्रभारियों को चेतावनी दी। एसएसपी के इस ऑपरेशन का उद्देश्य शाम के समय होने वाली आपराधिक घटनाओं पर पाबंदी लगाना है।