क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़
भाजपा महिला मोर्चा की एक मुस्लिम नेता और उसके शौहर को कुछ लोगों द्वारा धमकाने का मामला सामने आया है। महावीर गंज मंडल की मंत्री का आरोप है कि गत आठ दिसंबर को शौहर के साथ जाते समय कुछ अज्ञात लोगों ने उसे रास्ते में रोककर पति सहित जाने से मारने की धमकी दी। नेत्री ने मंगलवार को इस मामले में पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों की तलाश करने और परिवार की सुरक्षा की मांग की।
थाना देहली गेट क्षेत्र की एडीए कालोनी शाहजमाल निवासी रूबी भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की महावीर गंज मंडल की मंत्री है। रूबी के अनुसार आठ दिसंबर को वह शौहर आसिफ के साथ मोटर साइकिल पर शाहपुर रोड मस्जिद के पास से गुजर रही थी। तभी चार-पांच अज्ञात लोग मुंह पर कपड़ा बंधाकर आए। आरोप है कि उन्होंने मोटरसाइकिल को रोककर धमकाते हुए कहा कि तू बड़ी नेता बनती है। तू गद्दार है। तू यह काम बंद कर दे नहीं तो तुझे तेरे शौहर के साथ ही मार देंगे। आरोपी गाली-गलौज करते हुए भाग गए। घटना के बाद महिला सहित पूरा परिवार दहशत में है। मंगलवार को समर्थकों सहित जलालपुर चौकी पर पहुंची रूबी ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की। साथ ही परिवार की सुरक्षा की भी मांग की। रूबी ने बताया कि वह 15 वर्षों से भाजपा की कार्यकर्ता है। समय-समय पर पदयात्रा, सभा, गोष्ठी, दरगाह में कार्यक्रम आयोजित कराती रहती है।