क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़
स्थानीय रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के नंबर की बाइक संदिग्ध अवस्था में खड़ी मिली। जिसके बाद स्टेशन पर अफरातफरी मच गई। कुछ दिन पहले स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस लावारिस वस्तुओं को लेकर बेहद सतर्कता बरत रही है। पुलिस ने बाइक को अपने कब्जे में ले लिया है।
कुछ दिन पहले पुलिस को सूचना दी गई कि एक ट्रेन में लावारिस अवस्था में एक पोटली रखी है। इसमें विस्फोटक हो सकता है। पुलिस ने मथुरा से बम स्क्वायड बुला लिया। बाद में उसमें कछुए निकले थे। इसके बाद स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। इसीलिए स्टेशन पर पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई थी। अब एक बार फिर से स्टेशन पर एक लावारिस बाइक संदिग्ध हालत में मिली। यह बाइक बुधवार से खड़ी थी। इसको लेकर कयास लगाए जा रहे थे। जीआरपी इंस्पेक्टर विजय कुमार ने बताया कि डब्ल्यूबी 24, जेड 2093 नंबर की लाल रंग की प्लसर बाइक प्लेटफार्म नंबर सात पर दो दिन से लावारिस खड़ी थी। इसे पुलिस ने सुरक्षित रखवाया है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल रेलवे को भी सूचना दी गई है। जिससे बाइक के मालिक के विषय में पता किया जा सके। इसके बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।