न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर के मसूदाबाद से सटे गूलर रोड स्थित एक दो मंजिला मकान में बने गोदाम में बुधवार सुबह भीषण आग लग गई। जिससे गोदाम में भरा क्राकरी और प्लास्टिक का लाखों रुपये का सामान जल गया। गोदाम से धुआं निकलते देख ही लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। कुछ ही देर में प्लास्टिक का सामान धू-धू कर जलने लगा।
आसपास के मकानों में रह रहे लोग भी बाहर आ गए। तत्काल इसकी खबर पुलिस और दमकल को दी गई। यहां दमकल की छह गाड़ियों के साथ दो दर्जन से अधिक दमकल कर्मियाें ने कड़ी मशक्कत की। स्थानीय लोगों ने भी आग पर काबू पाने में सहयोग किया। सुबह तकरीबन साढ़े दस बजे आग लगी थी जिस पर दोपहर दो बजे के बाद काबू पाया जा सका।
अनुज शर्मा निवासी रघुवीरपुरी की वहीं पर क्राकरी और प्लास्टिक सामानों की एक दुकान है। इस इलाके में ही कुछ दूर पर एम मकान में अनुज ने एक दो मंजिला मकान में किराए पर गोदाम ले रखा था। इसके भूतल और पहली मंजिल पर क्राकरी और प्लास्टिक का सामान भरा है। मंगलवार देर रात यहां पर माल आया था। जिसको बुधवार सुबह सेट कर रखा जा रहा था।
अधिकांश सामान रखवाने के बाद अनुज नौकर के साथ खाना खाने चले गए। तभी सुबह लगभग साढ़े दस बजे गोदाम में संदिग्ध परिस्थितियों में वहां आग लग गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि गोदाम में रोशनी आदि के लिए किसी तरह का बिजली का कोई कनेक्शन नहीं है। ऐसे में शार्ट सर्किट से आग नहीं लग सकती है।
ये हो सकता है सामान रखवाने के लिए कोई रोशनी की गई हो ,जिससे आग लग गई हो। फिलहाल पुलिस पूछताछ कर आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। सुबह साढ़े दस से 11 बजे के बीच लगी आग पर दोपहर दो बजे के बाद काबू पाया जा सका। यहां पर देहलीगेट और बन्ना देवी थाने की पुलिस भी मौजूद रही। सीएफओ के कारण आग का कारण स्पष्ट नहीं है, यही माना जा रहा है कि अंधेरे के लिए मोमबत्ती आदि जलाई होगी, जिससे आग लगी है।