क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
जीटी रोड पर शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में रोडवेज बस चालक की मौत हो गई।
विनय कुमार (38) पुत्र राधेश्याम शर्मा बुद्ध विहार डिपो में चालक के पद पर तैनात थे। मूलरूप से खैर के अंडला के रहने वाले विनय कुमार लंबे समय से रघुवीर पुरी में किराए के मकान में रह रहे थे। शनिवार सुबह वह ड्यूटी पर जाने को सारसौल बस अड्डे के लिए निकले थे।
वह जीटी रोड पर मैलरोज के सामने पहुंचे ही थे तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने रौंद दिया और मौके पर विनय की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया।
मृतक की जेब से मिले आई कार्ड के आधार पर पुलिस ने रोडवेज के अधिकारियों और मृतक के परिजनों को सूचित किया। इधर, शव को पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया। सूचना पर परिजन भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। परिजनों के अनुसार वह मुरादाबाद-अलीगढ़ रूट की बस चलाते थे।