क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर के तुर्कमान गेट के एक परिवार पर जमीन खरीद की एवज में विक्रेता को 23 लाख का फर्जी चेक पकड़ाने का आरोप लगा है। पीड़ित ने एसएसपी से मामले की शिकायत की है। एसएसपी ने जांच के बाद आरोपियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
हरदुआगंज के जटपुरा निवासी शंभूदयाल (60) का आरोप है कि उन्होंने कासिमपुर पावर हाउस रोड पर स्थित अपनी एक बीघा से अधिक जमीन शहर कोतवाली के तुर्कमान गेट क्षेत्र निवासी एक परिवार को 12 दिन पहले जमीन बेची थी।
खरीदार ने अपनी पत्नी के नाम जमीन का बैनामा कराया था। जमीन का बैनामा उनके नाम करने के बाद जब उनसे जमीन की कीमत मांगी तो वह एक-दो दिन में पैसा देने की बात कहने लगे।
दो दिन बाद भी उन्होंने पैसे नहीं दिए तो उन पर पैसा देने को लेकर दबाव डाला गया। इसके बाद उन्होंने 23 लाख रुपये का चेक दे दिया।
17 जनवरी को चेक को बैंक में जमा किया तो बैंककर्मियों ने फर्जी हस्ताक्षर की बात कहकर चेक रद्द कर दिया। वृद्ध के अनुसार इस मामले में एसएसपी को तहरीर दी गई है।