क्राइम डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
बैंक से लोन दिलाने के नाम पर शहर में दर्जनों लोगों से रकम ऐंठने वाले गिरोह को शुक्रवार को थाना क्वार्सी पुलिस ने महानगर के रामबाग तिराहे से दबोच लिया। गिरोह के सरगना सहित चार सदस्य तिराहे के पास लोगों को लोन दिलाने के नाम पर अपने जाल में फांसने को लिए पम्पलेट बांट रहे थे।
पुलिस ने गिरोह के पास से एक लाख से अधिक की नगदी और 9 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। सभी पर मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।
एसपी सिटी आशुतोष द्विवेदी ने प्रेसवार्ता में बताया कि थाना क्षेत्र के रामबाग तिराहे के पास गिरोह का सरगना आदित्य उर्फ राजा चौहान, अतुल दीक्षित उर्फ सीनू, संजीव कुमार और दिनेश कश्यप लोन दिलाने के लिए अपनी फर्जी कंपनी प्रशांत बिजनेस सोल्यूशन एवं आधार फिनवेस्ट कंपनी के नाम के प्रतिनिधि बन पम्पलेट बांट रहे थे।
थाना पुलिस को इस बात की भनक लग गई। चारों को मौके पर पहुंच घेराबंदी कर दबोच लिया। इनके पास से आरबीआई के नाम के कई फर्जी दस्तावेज भी मिले हैं।
आरबीआई के फर्जी दस्तावेजों को दिखाकर गिरोह का सरगना आदित्य उर्फ राजा चौहान अपने साथियों के साथ मिलकर लोगों को आसान किश्तों पर बैंक से लोन दिलाने के नाम पर कमीशन के तौर पर रकम ऐंठता था। रकम लेने के बाद यह फरार हो जाते थे।
पुलिस को लंबे समय से इस गिरोह का तलाश थी। सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। गिरोह को दबोचने वाली टीम में इंस्पेक्टर सुनी कुमार सिंह, एसआई नरेंद्र कुमार, नीतेश सहरावत, देवेंद्र मलिक, नरेंद्र कुमार, विपिन सरोहा शामिल रहे।
ये किए गए गिरफ्तार
1. आदित्य उर्फ राजा चौहान पुत्र कमल सिंह चौहान निवासी भमौला, सिविल लाइन
2. अतुल दीक्षित उर्फ सीनू पुत्र अशोक कुमार वर्तमान निवासी बरौला बाईपास रोड, बन्नादेवी मूलरूप से फर्रुखाबाद के थाना मौहम्मदाबाद के गांव मुडगांव का रहने वाला है।
3. संजीव कुमार पुत्र कोमल सिंह निवासी बेगपुर गली नंबर तीन, क्वार्सी
4. दिनेश कश्यप पुत्र निरंजन लाल निवासी बीमा नगर, बन्नादेवी