क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर के क्वार्सी इलाके के महेशपुर फाटक के पास एक सप्ताह के भीतर लुटेरों ने लूट की दूसरी वारदात को अंजाम दे दिया। शनिवार देर रात को अनूपशहर रोड स्थित एक अस्पताल से लौट रहे दंपती को दो बाइकों पर आए पांच लुटेरों ने घेर लिया। दंपती के साथ मारपीट करने के बाद उससे पांच हजार रुपये, जेवरात और मोबाइल सहित एटीएम कार्ड लूट ले गए।
इमरान निवासी हमदर्द नगर ए, क्वार्सी ने बताया कि पत्नी गुलफसा का भाई अनूपशहर रोड स्थित एक नर्सिंग होम में भर्ती है। रात को उसे देखकर ही नर्सिंग होम से लौट रहे थे। महेशपुर फाटक के पास पहुंचते ही दो बाइकों पर आए पांच लुटेरों ने घेर लिया। बाइक में लात मारकर हमें गिरा दिया। इसके बाद उन्होंने तमंचा तान दिया और पैसे और पत्नी के कानों के कुं डल मांगने लगे।
विरोध करने पर मारपीट कर दी। साथ ही गोली मारने की धमकी देने लगे। लुटेरे पांच हजार रुपये, कानों के कुंडल, मोबाइल और एटीएम कार्ड लूट ले गए। मामले में क्वार्सी पुलिस को तहरीर दी है। इधर, तिबिया कालेज के एक कर्मचारी से गत बुधवार को दिनदहाड़े महेशपुर फाटक के पास ही पांच लुटेरों ने बाइक लूटी थी। क्वार्सी इंस्पेक्टर के अनुसार दंपती की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। दोनों मामलों में लुटेरों की तलाश जारी है। संभवत: दोनों लूटों में एक ही गिरोह का हाथ है।