क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर के गांधी पार्क थाना क्षेत्र के गांव भदैसी में दबंगों ने एक महिला के घर में घुसकर उसके साथ मारपीट कर दी। एसएसपी कार्यालय पहुंची महिला ने आरोप लगाया कि दबंग पड़ोस में ही रहते हैं और परिवार के लोगों ने रंजिश मानते हैं। 10 मई को वह घर में घुस आए और मारपीट कर दी। विरोध करने पर चाकू की नोंक पर लेकर छेड़छाड़ और गाली-गलौच भी करने लगे। इस बात की शिकायत थाना पुलिस से की है, लेकिन पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। एसएसपी ने महिला को आश्वासन दिया कि दबंगों के खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी।
चौथ न देने पर महिला को दी बेटे को मारने की धमकी
जनपद के थाना हरदुआगंज के गांव अलहदादपुर की एक महिला ने गांव के ही एक युवक पर रंगबाजी और चौथ वसूली करने का आरोप लगाया है। महिला ने रविवार को एसएसपी कार्यालय में दिए शिकायत पत्र में आरोप लगाया कि युवक आए दिन उसके घर में घुस आता है और गाली-गलौच करने लगता है। शनिवार को उसने चौथ न पहुंचने पर बेटे को जान से मारने की धमकी दी। इसकी शिकायत थाने में की लेकिन आरोपी पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। एसएसपी ने हरदुआगंज पुलिस को मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।