न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
सिकंदराराऊ (हाथरस)। अलीगढ़ जीटी रोड पर एक ढाबे पर खड़े आयशर कैंटर से रविवार की सुबह अज्ञात लोगों ने गाड़ी का तिरपाल हटाकर परचून के सामान से लदे 14 कार्टन पार कर दिए। पुलिस ने ढाबे के चौकीदार को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। अनुमान है कि चोरी किए गए माल की कीमत लाखों में हो सकती है।
शनिवार को परचून के माल के कार्टन लादकर कैंटर नोएडा से लखनऊ के लिए चला था। रविवार की सुबह करीब तीन बजे कैंटर जीटी रोड स्थित शिवशक्ति ढाबे पर आकर रुका। ढाबे के चौकीदार प्रमोद ने चालक से कहकर ट्रक को ढाबे के एक कोने में खड़ा करा दिया। एक घंटे बाद चालक को कुछ शक हुआ तो उसने गाड़ी का मुआयना किया तो पाया कि गाड़ी के डाले और पिछले हिस्से का तिरपाल हटा हुआ है।
पड़ताल में पता चला कि गाड़ी के पिछले हिस्से से 12 और डाले से दो कार्टन गायब थे। चालक ने इस मामले की सूचना कोतवाली पुलिस का दे दी। पुलिस ढाबे पर पहुंची और चौकीदारी कर रहे प्रमोद निवासी सराय को पूछताछ के लिए कोतवाली ले आई। कोतवाल मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि कितने कार्टन गायब हुए हैं। उनमें कितनी कीमत का क्या माल था, इसका पता ट्रक मालिक के आने पर पता लगेगा। पुलिस मामले की तह में जाने के लिए गहन जांच कर रही है।