फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जेल में होली के दिन होनी थी हत्या

विज्ञापन
विज्ञापन
क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
विज्ञापन


जेल में निरुद्ध आगरा के कुख्यात शूटर विनय उर्फ बिल्लू वर्मा और मोबाइल पहुंचाने वाले बंदी रक्षक सिपाही नरेंद्र भदौरिया ने अपने एक अन्य साथी सिपाही संग मिलकर जेल में होली के दिन बंदी एएमयू के पूर्व छात्र समीर ककराला की हत्या की साजिश रच डाली थी। समीर की हत्या के लिए इन्हें एक करोड़ की सुपारी मिली थी, जिसमें से दस लाख रुपया नरेंद्र भदौरिया को एडवांस भी मिल चुका था। वह तो गनीमत रही कि बिल्लू ने आगरा के सर्राफ को धमकी देकर 5 लाख की रंगदारी मांग ली और सूचना आगरा पुलिस तक पहुंच गई। आगरा पुलिस, एसटीएफ व अलीगढ़ टीम ने जब यहां आकर पूछताछ की तो पूरा भेद खुल गया। यह खुलासा होने पर अब समीर के पिता ने पुलिस अधिकारियों से अपने बेटे की सुरक्षा और सुपारी देने वालों पर कार्रवाई की मांग करते हुए शिकायत की है। वहीं आगरा पुलिस इस मामले में दोषी सिपाही नरेंद्र भदौरिया व उसके दूसरे साथी सिपाही की गिरफ्तारी की तैयारी में है।


कहानी इस तरह है कि 17 और 18 मार्च 2019 को अलीगढ़ जेल में निरुद्ध आगरा के कुख्यात शूटर विनय वर्मा उर्फ बिल्लू निवासी हरीपर्वत आगरा ने आगरा के ही सर्राफा व्यापारी आनंद अग्रवाल को फोन पर 5 लाख की रंगदारी मांगते हुए धमकी भरा फोन किया था और खुद पर चल रहे मुकदमे में समझौते का भी दबाव बनाया था। यह शिकायत 18 मार्च को ही एसएसपी आगरा तक पहुंची तो उन्होंने एसटीएफ व आगरा पुलिस टीम को जांच में लगाया। जांच के लिए टीम यहां आई और जेल अधिकारियों व अलीगढ़ पुलिस की मदद से बिल्लू से पूछताछ हुई।
विज्ञापन


उसने धमकी देने व बंदी रक्षक सिपाही नरेंद्र भदौरिया द्वारा मोबाइल मुहैया कराने की बात स्वीकारने के साथ-साथ यह भी स्वीकारा कि भदौरिया की मध्यस्थता से उसे जेल में ही साथी बंदी समीर निवासी ककराला बदायूं की हत्या की सुपारी मिली थी। नरेंद्र उसे होली के दिन 20/21 मार्च को जेल में पिस्टल मुहैया कराता और उस दिन होली मिलन के दौरान वह समीर की हत्या करता। बिल्लू के इस खुलासे के बाद पुलिस टीम के होश उड़ गए। इसके बाद नरेंद्र से भी पूछताछ हुई।

इस पूछताछ में उसके एक अन्य साथी सिपाही का नाम उजागर हुआ। दूसरे सिपाही पर मोबाइल का इंतजाम करने व मोबाइल रीचार्ज कराने का आरोप था। पुलिस पूछताछ में यह बात भी उजागर हुई कि यह सुपारी एक करोड़ रुपये में मिली थी, जिसका दस लाख रुपया एडवांस भी नरेंद्र को पिस्टल आदि मुहैया कराने के लिए मिल गया था। इस खुलासे पर आगरा पुलिस ने हरीपर्वत थाने में दर्ज मुकदमे में फिलहाल बिल्लू को आरोपी बना लिया है, जबकि नरेंद्र भदौरिया और उसके दूसरे साथी सिपाही की गिरफ्तारी की तैयारी चल रही है। वहीं नरेंद्र को कारागार प्रशासन ने सस्पेंड कर फिरोजाबाद से संबद्ध कर दिया है।

-आगरा के व्यापारी आनंद को बिल्लू द्वारा धमकी दिए जाने के बाद हुई जांच में हमारी टीम से पूछताछ में बिल्लू ने अलीगढ़ जेल के ही बंदी समीर की हत्या की सुपारी लेने की बात स्वीकारी है और बताया है कि होली के दिन नरेंद्र व उसका दूसरा साथी सिपाही उसे पिस्टल मुहैया कराता। नरेंद्र व उसके दूसरे साथी सिपाही की गिरफ्तारी औपचारिकताएं पूरी कर जल्द की जाएगी। पूरे मामले की रिपोर्ट कारागार अधिकारियों को भी भेजी जा रही है।-अमित पाठक एसएसपी आगरा

-अभी तक की सूचना के आधार पर सिपाही को निलंबित कर दिया गया है। बाकी जो भी आरोप हैं उसकी रिपोर्ट मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल किसी अन्य तरह की जानकारी पुलिस स्तर से नहीं दी गई है।-संजीव त्रिपाठी डीआईजी जेल आगरा परिक्षेत्र

इस हत्या के बदले होनी थी समीर की हत्या
यह वाकया अगस्त 2016 का है, जब शहर के केला नगर चौराहे से जीवनगढ़ को जाने वाले रास्ते पर तत्कालीन सत्ताधारी समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष सगीर अहमद के भतीजे व शहर के नामचीन रोशनी होटल कारोबारी परिवार के बेटे आदिल की टशनबाजी में चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्या के बाद कई घंटे तक बवाल हुआ था और तत्कालीन एएमयू बीएससी छात्र समीर ककराला निवासी ककराला बदायूं आदि को नामजद किया गया था। समीर को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
विज्ञापन


अब इस खुलासे के बाद समीर के पिता औसाफ खां की ओर से यूपी के डीजीपी से लेकर एसएसपी अलीगढ़ और कारागार प्रशासन के अधिकारियों को पत्र लिखा गया है, जिसमें कहा गया है कि आदिल परिवार से जुड़े लोग ही उसके बेटे की हत्या कराना चाहते हैं। पूर्व में भी इस तरह की साजिशों की सूचना मिली थी, जिसके बाद शिकायतों पर कारागार प्रशासन ने समीर को संवेदनशील श्रेणी में रखा है और उसे तारीखों पर अलग सुरक्षा में भेजा जाता है। इस मामले में एसएसपी आकाश कुलहरि इतना ही कहते हैं कि प्रकरण में सुपारी देने वालों को कार्रवाई की जद में लाया जाएगा। वहीं कारागार अधीक्षक आलोक सिंह बताते हैं कि समीर के परिवार द्वारा पूर्व में जब इस तरह की शिकायतें करते हुए अंदेशा जताया गया था, तब उसकी सुरक्षा आदि बढ़ा दी गई है। बाकी जेल में बिल्लू व समीर के बीच किसी तरह के मतभेद दिखाई नहीं दिए हैं। अब परिवार के जो आरोप हैं उन पर सतर्कता रखवाई जाएगी।

विनय वर्मा उर्फ बिल्लू का क्राइम रिकार्ड
12 अक्तूबर 2012 : जनकपुरी आयोजन के दौरान सराफ अभय कुमार वर्मा को गोली मारी
2 दिसंबर 2012 : सेंट पीटर्स के सामने अशोक गुप्ता को बाइक सवारों ने गोली मारी
16 दिसंबर 2012 : दीप अपार्टमेंट कमला नगर निवासी संजीव बंसल को विजय नगर में गोली मारी
19 जनवरी 2013 : सेंट जोजफ स्कूल के पास कारोबारी के कर्मचारी को गोली मारकर लूट का प्रयास
---
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें