क्राइम डेस्क, अमर उजाला, ब्यूरो
थाना जवां इलाके की रहने वाली युवती ने एसपी ग्रामीण से शिकायत करते हुए आरोप लगाया है कि एक युवक ने उसके साथ शादी का झांसा देकर संबंध बनाए और उसके बाद धोखा दे दिया। एसपी ग्रामीण ने जांच करने के बाद मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
युवती ने लिखित शिकायत देकर बताया कि एक युवक से फेसबुक पर उसकी दोस्ती हुई। इसके बाद दोनों ने साथ जीने और साथ मरने की कसमें खाईं। जिसके बाद युवक ने युवती के साथ शादी करने की बात कही और उसके साथ एक साल तक शारीरिक संबंध बनाए।
अब युवती द्वारा युवक पर शादी का दबाव बनाया जा रहा है तो युवक ने शादी से इंकार कर दिया। युवती का आरोप है कि वह दूसरी जाति की है, इसलिए युवक शादी से इनकार कर रहा है। इस मामले की शिकायत लेकर युवती अपने वकील के साथ एसएसपी कार्यालय पर पहुंची।
एसपी ग्रामीण डॉ. यशवीर सिंह को लिखित शिकायत दी गई। उन्होंने थाना जवां पुलिस को प्रकरण की जांच कर मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए गए। एसपी ग्रामीण डॉ. यशवीर सिंह ने बताया कि थाना जवां इलाके की एक युवती प्रेम संबंधित एक शिकायत लेकर आई थी। जिस पर थाना प्रभारी को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।