क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
अकराबाद उकावली निवासी महेंद्र प्रताप ने एक पूर्व विधायक पर मकान पर कब्जा करने और अन्यथा की सूरत में 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है। महेंद्र ने इसकी लिखित शिकायत थाना क्वार्सी में भेजने की बात कही है लेकिन थाने के इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह के अनुसार अभी तक उनके पास ऐसी कोई शिकायत नहीं आई है।
महेंद्र प्रताप पुत्र रवेंद्र पाल निवासी गांव उकावली अकराबाद ने अपनी पत्नी के नाम से 250 वर्गगज का प्लाट याकूतपुर बोरना थाना क्वार्सी में वर्ष 2017 में खरीदा था। इसी मकान में केले का कोल्ड स्टोर भी लगा है जिस पर 50 लाख का फायनेंस है।
महेंद्र ने कहा है कि उक्त प्लाट पर एक पूर्व विधायक कई बार कब्जा करने की धमकी दे चुके हैं। 22 नवंबर को प्रार्थी के मोबाइल पर पूर्व विधायक का फोन आया, जिसमें उन्होंने धमकी दी।
पूर्व विधायक से जब प्लाट से संबंधित कागज दिखाने को कहा तो उन्होंने जवाब दिया कि वह आईएएस अफसर को भी कागज नहीं दिखाते वो क्या है..? महेंद्र के अनुसार इसके बाद वह अपने बहनोई के साथ इसी मामले पर पूर्व विधायक से मिलने गए तो वहां दो तीन और लोग थे।
सभी ने 20 लाख रुपये की मांग की। जिससे वो बहनोई सहित दहशत में आ गया। 22 दिसंबर को दोबारा से पूर्व विधायक का फोन आया, जिसकी रिकार्डिंग भी मौजूद है। थाना क्वार्सी व एसएसपी को भेजी शिकायत में महेंद्र प्रताप ने कहा है कि उनको जान माल का खतरा है। पुलिस उनकी रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करें।