क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़
अलीगढ़। महानगर के क्वार्सी चौराहे पर यातायात कर्मियों के प्रति दुर्व्यवहार की घटनाएं थम नहीं रहीं। बुधवार सुबह-सुबह एक अधिवक्ता और होमगार्ड में भिड़ंत हो गई। इस दौरान होमगार्ड व अधिवक्ता ने एक दूसरे पर थप्पड़ जड़ने का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची पुलिस अधिवक्ता के साथ मौजूद उसके पुत्र को थाने ले आई। जहां दोनों ने लिखित में समझौता कर दिया।
बताया गया है कि आरएएफ रोड पर रहने वाले अधिवक्ता अपने बेटे संग स्कूटी पर सुबह क्वार्सी फार्म अपने पालतू कुत्ते को लेकर डॉक्टर को दिखाने जा रहे थे। चौराहे पर चेकिंग के लिए होमगार्ड ने उन्हें रोका और वाहन के कागज मांगे। इसी बात पर अधिवक्ता बिफर गए।
आरोप है कि अधिवक्ता ने पहले होमगार्ड के थप्पड़ जड़ा। वहीं अधिवक्ता का आरोप है कि पहले होमगार्ड ने उनके थप्पड़ मारा, तब बात बिगड़ी। कुल मिलाकर हंगामे की खबर पर पुलिस आ गई और अधिवक्ता के बेटे को थाने ले गई। इंस्पेक्टर के अनुसार वहां दोनों ने अपनी गलती स्वीकारी और लिखित में समझौता हो गया।