क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़
पानीपत से कानपुर कंबल लादकर ले जा रहे ट्रक चालक की सोमवार रात जीटी रोड पर बोनेर के पास दूसरे ट्रक से हुई आमने-सामने की भिड़ंत में मौत हो गई। इस दौरान उसका साथी क्लीनर भी जख्मी हो गया, जबकि दूसरे ट्रक के चालक व क्लीनर भागने में सफल रहे। वाकये के अनुसार पानीपत से कंबल लेकर कानपुर जा रहे ट्रक को 32 वर्षीय सुरेंद्र पुत्र रोहताश निवासी चंदौली खुर्ज पानीपत हरियाणा चला रहा था, जबकि उसके साथ राजेश बतौर क्लीनर सवार था। देर रात सामने से आते ट्रक से भिड़ंत में सुरेंद्र की मौत हो गई। इस सूचना पर पहुंचे परिजन मंगलवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव को अपने साथ ले गए। परिजनों के अनुसार सुरेंद्र अपने पीछे पत्नी मीनू के अलावा एक बेटा छोड़ गया है। वहीं क्लीनर का अभी इलाज चल रहा है। पुलिस ने सामने से टक्कर मारने वाले ट्रक को भी थाने में खड़ा करा दिया है।