अलीगढ़ के एक कोयला व्यापारी के ऑफिस में बदमाशों का दबंगई का मामला सामने आया है। दबंगों ने देहली गेट थाना क्षेत्र के मलिक चौक स्थित कारोबारी के ऑफिस पर बीते 18 सितंबर को जमकर तोड़फोड़ किया, जिससे कार्यालय में भारी मुकसान हुआ है। दबंगों ने ईंट-पत्थर मारकर कार्यालय में काम कर रहे कर्मचारियों को भी लहूलुहान कर दिया।
कार्यालय के मालिक सुनील ने बुधवार को एसएसपी कार्यालय आकर उच्चाधिकारियों से मामले की शिकायत की और बताया कि 18 सितंबर की दोपहर वह ऑफिस में नहीं था। उस समय तीन बाइक सवारों ने ऑफिस पर हमला कर दिया।
इतना ही नहीं, उन्होंने वहां खड़ी एक गाड़ी को भी तोड़ दिया। जाते वक्त भी दबंगई से बाज नहीं आए और राह से गुजर रही एक कार पर भी हमलावर हो गए। पीड़ित सुनील ने बताया कि इस पूरे मामले की सूचना पुलिस को दी गई, लेकिन आठ दिन गुजर जाने के बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। बुधवार को पीड़ित व्यापारी अपने घायल कर्मचारी को लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंचा जहां उसे न्याय का आश्वासन दिया गया है।