महानगर में सात केंद्रों पर उत्तर प्रदेश संयुक्त प्री मेडिकल टेस्ट (सीपीएमटी) का आयोजन किया गया, जिसमें शानदार 96 प्रतिशत उपस्थिति रही। सोमवार को डीएस कॉलेज (दो केंद्र), टीकाराम गर्ल्स डिग्री कॉलेज, टीकाराम गर्ल्स इंटर कॉलेज, एसवी कॉलेज, एचबी इंटर कॉलेज एवं केपी इंटर कॉलेज में सीपीएमटी प्रवेश परीक्षा (एमबीबीएस, बीडीएस, बीएचएमएस, बीएएमएस) का आयोजन किया गया। इसमें कुल 3568 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे, जिसमें मात्र 144 अनुपस्थित थे। एसवी कॉलेज केंद्र पर फोटो नहीं होने के कारण दो छात्र परीक्षा से वंचित रह गए, जबकि टीआर डिग्री कॉलेज केंद्र पर करीब पांच अभ्यर्थी विलंब से पहुंचने के कारण परीक्षा से वंचित हुए। शांति पूर्ण परीक्षा आयोजन के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए थे। एडीएम सिटी अवधेश तिवारी ने कई केंद्रों का निरीक्षण किया। नोडल अधिकारी डॉ. एके तोमर, डॉ. हेम प्रकाश आदि ने भी केंद्रों का निरीक्षण किया। नोडल अधिकारी डॉ. एके तोमर ने बताया कि सभी केंद्रों पर परीक्षा शांति पूर्ण संपन्न हुई। 96 प्रतिशत परीक्षार्थी उपस्थित रहे।