इगलास के दुष्कर्म के मुकदमे में लगातार तलबी के बाद भी गवाही के लिए हाजिर न होने पर बिजली थाना इंस्पेक्टर नीरज शर्मा की गिरफ्तारी के आदेश हुए हैं। यह आदेश एडीजे-12 सिद्धार्थ सिंह की अदालत से जारी हुए हैं, जिसमें एसएसपी को पत्र लिखकर 20 जुलाई को पेश करने के लिए कहा गया है।
एडीजीसी प्रमेंद्र कुमार जैन के अनुसार, वर्ष 2015 की घटना में उस समय इगलास में तैनात वर्तमान में बिजली थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज शर्मा गवाह हैं। उन्हें वर्ष 2021 से लगातार समन व नोटिस भेजे जा रहे हैं, मगर वे गवाही के लिए हाजिर नहीं हो रहे। इससे विभाग की उदासीनता उजागर होती है। एसएसपी को लिखे पत्र में नीरज शर्मा के खिलाफ गैरजमानती वारंट व नोटिस जारी करते हुए गिरफ्तार कर 20 जुलाई को कोर्ट में पेश करने के लिए कहा है। पत्र में उल्लेख है कि हाईकोर्ट व शासन स्तर से महिला अपराध के मामलों में त्वरित सुनवाई शीघ्र न्याय के निर्देश दिए जा रहे हैं। इसके बावजूद यह लापरवाही की जा रही है।