हाथरस सिटी स्टेशन पर कासगंज की ओर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन के चलने के बाद चढ़ने की कोशिश करते दं
- फोटो : samvad
गोवर्धन पूजा, भाई दूज और गिरिराज परिक्रमा के चलते मंगलवार को हाथरस सिटी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ रही। इसी दौरान चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास में एक दंपती फिसल गया। मुस्तैद जीआरपी जवानों ने दौड़कर उन्हें सुरक्षित बचा लिया।
मंगलवार सुबह से ही स्टेशन पर यात्रियों का दबाव बना रहा। मथुरा-कासगंज रूट की पैसेंजर ट्रेनें यात्रियों से भरी रहीं। दोपहर में कासगंज की ओर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन के दो मिनट के ठहराव के बाद चलने पर एक दंपती ने दौड़कर चढ़ने का प्रयास किया। इसी दौरान वे फिसल गए। मौके पर मौजूद जीआरपी जवानों ने तत्काल उन्हें संभालकर बोगी के अंदर सुरक्षित पहुंचाया।
मथुरा की ओर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन के विलंबित होने पर यात्रियों ने स्टेशन पर खड़ी गांधीधाम एक्सप्रेस में ही चढ़ना शुरू कर दिया। इससे प्लेटफार्म पर अफरातफरी का माहौल बन गया। जीआरपी प्रभारी राहुल शर्मा ने बताया कि यात्रियों की भीड़ को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
ट्रेनों में बढ़ा यात्रियों का दबाव
भाई दूज पर मायके जाने वाली महिलाओं और गोवर्धन परिक्रमा के लिए निकलने वाले श्रद्धालुओं के कारण स्टेशन पर भीड़ बढ़ी। पिछले तीन दिनों की तुलना में मंगलवार को करीब 350 यात्रियों की बढ़ोतरी दर्ज की गई। ट्रेन छूटने के डर से सामान लेकर दौड़ते यात्रियों के कारण प्लेटफार्म पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।