संविदा भर्तियों में हो रहा पैसे का लेनदेन
अमर उजाला ब्यूरो
अलीगढ़। स्वास्थ्य विभाग में इन दिनों चल रही संविदा पर आधारित भर्तियों में पैसे के लेनदेन किए जाने का मामला विधानसभा की आश्वासन समिति में पहुंचा है। विधानसभा में रालोद के नेता ठा. दलवीर सिंह ने यह मुद्दा प्रमुख सचिव स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण के समक्ष उठाया, जिसे गंभीरता से लिया गया।
आश्वासन समिति के समक्ष पूर्व मंत्री और बरौली से विधायक ठा. दलवीर सिंह ने कहा कि इन दिनों चल रही संविदा भर्तियों में पैसे के लेनदेन के आधार पर भर्तियां हो रही हैं। इससे पात्र अभ्यर्थियों का चयन नहीं हो रहा और अयोग्य आवेदक स्थान पा रहे हैं। प्रमुख सचिव ने भरोसा दिलाया कि इस मामले की तत्काल जांच कराई जाएगी। ऐसी भर्तियों को नहीं होने दिया जाएगा। ठा. दलवीर सिंह ने प्रमुख सचिव को बताया कि केवल भर्तियां ही नहीं बल्कि विभाग में बनने वाले विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्रों में भी पैसे के लेनदेन की शिकायतें मिलती रहती हैं। कई मामलों में मौके पर जाकर कर्मियों को पकड़ा और पैसे भी वापस कराए हैं। इसके अलावा तय हुआ कि सीएचसी हरदुआगंज, गभाना, चंडौस और जवां में एक्सरे मशीन और अल्ट्रासाउंड मशीन भी लगाई जाएंगी। उप स्वास्थ्य केंद्र दौरऊ के जर्जर भवन के लिए 11 लाख रुपये का एस्टीमेट भी स्वीकृत किया गया। इन सभी मुद्दों के अलावा ठा. दलवीर सिंह ने स्वास्थ्य विभाग में डॉक्टरों और नर्सों की कमी की भी बात कही। इस पर उन्हें भरोसा दिया गया कि जल्द ही पद के अनुरूप स्टाफ भी पूरा किया जाएगा जिससे स्वास्थ्य सेवाओं पर किसी प्रकार का प्रतिकूल असर न पड़े।