अलीगढ़ महानगर के सौ फीसद लॉकडाउन व कंटनेमेंट एरिया सराय सुल्तानी में एक हिस्ट्रीशीटर व पूर्व बसपा पार्षद प्रत्याशी को बेटे की शादी के जश्न में डांस पार्टी आयोजित करना भारी पड़ गया। डांस पार्टी में डांसरों के डांस और भीड़ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
जिसका पुलिस ने संज्ञान लेते हुए तत्काल महामारी अधिनियम व लॉकडाउन उल्लंघन का मुकदमा दर्ज किया और आरोपी हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इंस्पेक्टर सासनी गेट जावेद खां के अनुसार थाना सासनी गेट का सराय सुल्तानी इलाका कोरोना संक्रमित मरीज मिलने के कारण कंटेनमेंट एरिया घोषित है।
थाना इलाके में बुधवार रात तक के लिए सौ फीसद लॉकडाउन घोषित था। बावजूद इसके सराय सुल्तानी निवासी पूर्व बसपा पार्षद प्रत्याशी जाहिद उर्फ चोर भाई (थाना सासनी गेट का हिस्ट्रीशीटर/एचएस नंबर 18 ए) ने 30 मई को प्रस्तावित अपने बेटे की शादी के जश्र में 26 मई की रात घर के दरवाजे पर डीजे बजाकर डांस पार्टी का आयोजन किया।
इसमें डांसरों को बाहर से बुलाया गया और भारी भीड़ भी जुटी। जिसमें सोशल डिस्टेंसिंग को भुलाकर लोगों ने बीमारी को बढ़ावा देने का काम किया। इसी तरह का आयोजन 25 मई की रात को भी हुआ था। यह वीडियो रात में ही सोशल मीडिया पर टिकटॉक के जरिये वायरल हो गई।