दीनदयाल अस्पताल के कोविड वार्ड में एक के पास एक लगे बेड।
- फोटो : CITY OFFICE
पं. दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय के कोविड वार्ड में भर्ती करने को लेकर संक्रमित मरीजों ने जमकर हंगामा किया। यहां 315 बेड के अस्पताल में 325 मरीजों के भर्ती होने से अव्यवस्था का आलम है। कई वार्डों में दो बेड के बीच की दूरी दो फीट से भी कम है।
दीनदयाल कोविड अस्पताल में मरीजों का दबाव बढ़ गया है। हालांकि अतरौली में 150 बेड का एल-1 अस्पताल शुरू कर दिया गया है। वहां 16 मरीजों को भर्ती के लिए भेज दिया गया था, जिसमें से चार को दीनदयाल कोविड अस्पताल में लौटा दिया गया। अपराह्न में दीनदयाल कोविड अस्पताल में भर्ती करने की मांग करने लगे। संक्रमित मरीजों के हंगामा करने के कारण स्वास्थ्यकर्मी एवं चिकित्सक इधर-उधर हो गए। कुछ मरीज ऐसे भी थे, जो अतरौली के एल-1 अस्पताल में जाना नहीं चाहते थे। अस्पताल में कुछ वार्डों में आलम यह है कि दोनों बेड के बीच दो फीट की भी दूरी नहीं है। इसकी वजह से अस्पताल में संक्रमण बढ़ने का खतरा बना हुआ है। सीएमएस डॉ. एबी सिंह ने बताया कि भीड़ बढ़ने पर हंगामा स्वाभाविक है। कुछ लोग अतरौली के एल-1 अस्पताल में जाने से इंकार कर रहे थे।