क्वारंटीन किए गए लोगों के घर के बाहर पोस्टर लगवाते अधिकारी।
- फोटो : AKBARABAD
लॉकडाउन के ग्यारहवें दिन जिले का पहलायुवक कोरोना संदिग्ध पाया गया है। अकराबाद के गांव चांदपुर मिर्जा गांव का 26 वर्षीय यह युवक दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज की जमात में शामिल हुआ था और बुधवार रात उसे दीनदयाल संयुक्त अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भरती कराया गया। प्रारंभिक रिपोर्ट में कोरोना लक्षण पाए जाने की खबर पर जिले में हड़कंप मच गया। हालांकि, कंफरमेटरी टेस्ट में उसकी कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव आई है। मगर, एहतियातन उसकी पत्नी व तीन बच्चों सहित परिवार के 15 सदस्यों को छेरत स्थित राजकीय होम्योपैथी मेडिकल कॉलेज में क्वारंटीन करा दिया गया।
युवक का उपचार करने वाली टीम के सदस्यों को घर जाने से रोक दिया गया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बीपी सिंह कल्याणी ने बताया कि बुधवार रात भरती हुए युवक की प्राथमिक रिपोर्ट में पॉजिटिव लक्षण थे। इस टेस्ट की पुष्टि के लिए कंफरमेटरी टेस्ट भी कराया गया। जिसकी रिपोर्ट देर रात आई है। जिसमें कोरोना नेगेटिव पाया गया है। मगर, प्रारंभिक रिपोर्ट को देखते हुए एहतियातन सभी कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई हैं। उसकी पत्नी व तीन बच्चों के स्वाब के नमूने भी जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। ये सभी लोग युवक के संपर्क में आए थे। इधर, उसका उपचार करने वाली टीम के सदस्य अब 14 दिन घर नहीं जाएंगे। पूरे दीनदयाल अस्पताल परिसर को सैनिटाइज किया जा रहा है। सीएमओ आफिस से मेडिकल की टीम दीनदयाल अस्पताल में भेज दी गई है। सीएमओ डॉ. कल्याणी ने बताया कि आज से सीएमओ ऑफिस 24 घंटे खुला रहेगा। जरूरत के सभी सामान भेज दिए गए हैं। इधर, चर्चा है कि युवक जमात से पहले आसाम और जमात के बाद खुर्जा स्थित अपने रिश्तेदार के यहां भी गया था। युवक के संपर्क में आने वाले लोगों का पता लगाया जा रहा है।
मुख्य विकास अधिकारी अनुनय झा के अनुसार युवक को प्रारंभिक टेस्ट में कोरोना फाल्स पाजीटिव पाया गया था, मगर दूसरी जांच यानि कंफर्मेटिव टेस्ट रिपोर्ट नेगेटिव आई है। कोरोना घटती हुई अवस्था में है। अब अगले 24 घंटे में उसकी तीसरी जांच कराई जाएगी। तभी उसे पूर्ण कोरोना नेगेटिव माना जाएगा। मरीज को संदिग्ध मानते हुए निगरानी में रखा जा रहा है।
अकराबाद का मरीज कोरोना पॉजिटिव नहीं: मेडिकल कॉलेज
अलीगढ़। अकराबाद में दिल्ली की जमात से लौटे कोरोना के संदिग्ध मरीज की जेएन मेडिकल कॉलेज में चल रही जांच में उसको निगेटिव पाया गया है यानि कि उसको कोरोना का संक्रमण नहीं है । इस संबंध में एएमयू जनसंपर्क विभाग के एमआईसी प्रोफेसर शाफे किदवाई ने बताया कि जेएन मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल के मुताबिक जो जांच की गई है उसमें अकराबाद के कोरोना संदिग्ध मरीज की जांच रिपोर्ट निगेटिव पाई गई है। लेकिन हालात को देखते हुए हम मरीज की एक बार फिर 24 घंटे बाद फिर से जांच करेंगे। इसके साथ ही शहर में उठ रही इस प्रकार की बातें कि, शहर में पहला कोरोना पॉजिटिव मरीज मिला है, उनको विराम लग गया है। एहतियातन संदिग्ध और उसके संपर्क में आने वाले लोग आइसोलेशन में जरूर रहेंगे। यह रोकथाम की दृष्टि से बहुत जरूरी है।