कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन ने अब विदेश से आए लोगों के साथ ही महाराष्ट्र-बेंगलुरु सहित अन्य राज्यों से आए लोगों की तलाश भी शुरू कर दी है। रविवार को जनता कर्फ्यू के दौरान बार्डर स्कीम के तहत की गई चेकिंग के दौरान इगलास पर 55 लोगों को रोका गया। ये सभी लोग महाराष्ट्र और बेंगलुरु से वापस आए थे। हालांकि राहत रही कि इनमें से कोई भी कोरोना पॉजीटिव नहीं मिला।
जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार कोरोना अलर्ट को लेकर थानावार गठित की गई टीमों को इस काम में लगाया गया है। साथ ही लोगों से अनुरोध भी किया जा रहा है कि वह अपने और अपनों के स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए खुद ही अपना चेकअप कराएं। अगर, किसी भी प्रकार से अपने आप को अस्वस्थ महसूस कर रहे हैं तो तत्काल डाक्टर की सलाह पर अपनी जांच कराएं। साथ ही जिला प्रशासन को भी इस बात की जानकारी दें कि वह हाल में किस देश या राज्य से लौटे हैं। वहां कितने दिन रहे ।