होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ने कोरोना वायरस को देखते हुए होली मिलन समारोह स्थगित कर दिया है। होटल एंड रेस्टोरेंट संचालकों से यह भी आग्रह किया गया है कि विदेशी मेहमान के आने पर स्वास्थ्य विभाग को सूचना दें।
रामघाट रोड स्थित एक होटल में एसोसिएशन के अध्यक्ष मानव महाजन एवं महासचिव विवेक बगाई ने कहा कि पूरी दुनिया कोरोना वायरस की चपेट में है। जागरूकता से ही इसके संक्रमण को रोका जा सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी से बातचीत कर जागरूकता फैलाने का निर्णय लिया गया है। एसोसिएशन द्वारा महानगर के सभी होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। सभी होटल स्वामियों को नोडल अधिकारी (एसीएमओ, स्वास्थ्य विभाग) का मोबाइल नंबर दे दिया गया है। विदेशी यात्री या विदेश से आने वाले यात्रियों को होटल में कमरा देकर नोडल अधिकारी को सूचित कर दिया जाएगा।
पार्टी देने वाले लोगों से भी आग्रह किया है कि विदेशी मेहमानों या विदेश से आए प्रियजनों की जानकारी विभाग को दें, ताकि एहतियात के तौर पर जांच की प्रक्रिया पूरी हो सके। एसोसिएशन नेताओं ने कहा कि होटल के रिसेप्शन पर सैनिटाइजर रखा जाएगा, ताकि आने वाले लोग उसका इस्तेमाल कर सकें। होटल-रेस्टोरेंट के कर्मचारियों के बीच मास्क एवं सैनिटाइजर का वितरण किया जाएगा। दीपक गर्ग, अखिल गुप्ता, राजकुमार गुप्ता, पंकज धीरज, अमित गुप्ता आदि मौजूद थे।