दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज में शामिल हुए जवां, कोतवाली एवं क्वारसी क्षेत्र के तीन जमातियों का दोबारा कोरोना परीक्षण कराया गया है। समीक्षा बैठक में एसपी क्राइम के इस प्रस्ताव पर स्वास्थ्य टीमों ने तीनों के नमूने लिये हैं। इधर मलखान सिंह जिला चिकित्सालय में मरीज न देखने की शिकायत पर डीएम ने सीएमएस को कड़ी चेतावनी जारी की है।
एसपी क्राइम अरविंद कुमार ने कोरोना की व्यवस्थाओं की रोजाना होने वाली समीक्षा बैठक में निजामुद्दीन मरकज में शामिल हुए कोतवाली, जवां एवं क्वारसी क्षेत्र के तीनों जमातियों की दोबारा से कोरोना जांच कराने का प्रस्ताव रखा था। बताते चलें कि कोतवाली क्षेत्र में फैज मस्जिद में फिरोजाबाद का एक जमाती कोरोना पॉजिटिव मिला था। जबकि जवां क्षेत्र के मिर्जा चांदपुर में भी एक व्यक्ति का प्रथम परीक्षण पॉजिटिव आया था। जबकि क्वारसी क्षेत्र के जमाती का परीक्षण निगेटिव आया था। हालांकि बाद में कोतवाली एवं जवां क्षेत्र के जमाती की रिपोर्ट निगेटिव आ गई थी। मुख्य विकास अधिकारी अनुनय झा ने बताया कि तीनों का दोबारा कोरोना परीक्षण करा लिया गया है।
शुक्रवार को 61 लोगों की जांच रिपोर्ट आई है। उसमें मात्र सर सैयद नगर की एक जेएन मेडिकल कालेज की डाक्टर की रिपोर्ट ही पॉजिटिव मिली है। इस दौरान मलखान सिंह जिला अस्पताल में मरीजों को न देखे जाने की शिकायत पर डीएम ने सीएमएस को कड़ी चेतावनी दी। वहीं, आपातकालीन स्थिति में निजी व सरकारी अस्पतालों से मरीजों को लौटाये जाने पर सख्त रुख अख्तियार करते हुए स्पष्ट कहा कि असाध्य रोगों से ग्रसित मरीजों को हर हाल में देखा जाए, जो अस्पताल ऐसे मरीजों को लौटा रहे हैं, उनकी सूची उपलब्ध कराई जाए, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। हॉटस्पॉट व कंटेनमेंट जोन में आवश्यक खाद्य पदार्थों की शत-प्रतिशत आपूर्ति की जाय।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि शाहपुर में मृतक महिला के परिवार, केयरवेल डाइग्नोस्कि सेंटर एवं वकार हार्ट क्लीनिक के स्टाफ की सैंपलिंग हो गई है। अधोहस्ताक्षरी के आधिकारिक ट्यूटर एकाउंट पर जीतू शर्मा के द्वारा कैंसर के इलाज के लिए नोएडा जाने की अनुमति मांगी गई है। निर्देश दिए गए कि उक्त कैंसर पीड़ित का कोरोना टेस्ट के बाद मरीज को नोएडा जाने की अनुमति दे दी जाए तथा कोरोना मरीज के परिवार के तीन लोगों की सैंपलिंग भी हो गई है।
जेएन मेडिकल कॉलेज में कोरोना से संबंधित 200 जॉच लंबित होने के प्रकरण में मेडिकल कालेज के प्रधानाचार्य को सभी लंबित जांच शीघ्र पूरी कराने के निर्देश दिये गए। हॉट स्पॉट इलाके उस्मानपाड़ा, नीवरी, गोविन्द नगर के कन्टेनमेन्ट जोन धौर्रामाफी व जमालपुर में नियमित रूप से साफ-सफाई, सैनिटाइजेषन व आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित कराने को कहा गया।