जिले में कोरोना की दर चार प्रतिशत है। अभी तक हुई जांच और उनमें संक्रमित पाए लोगों की संख्या के आधार पर बृहस्पतिवार को सीडीओ/स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी अनुनय झा ने यह आंकड़ा डीएम के सामने कोरोना की समीक्षा बैठक में पेश किया। उन्होंने बताया कि जिले में अभी तक 100158 सैंपल की जांच में 4745 लोग संक्रमित मिले हैं। यानी हर 21वां सैंपल पॉजीटिव मिला है। वहीं, उन्होंने बताया कि कामकाज के मामले में दीन दयाल की लैब आरटीपीसीआर टेस्ट के मामले में नंबर एक पर है।
जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को कोरोना की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट के सभागार में हुई। सीडीओ अनुनय झा ने बताया कि अलीगढ़ जनपद में 1 लाख से अधिक लोगों की कोरोना की जांच हो चुकी है, जिसमें 4 प्रतिशत पॉजिटिव केस आए हैं। दीन दयाल अस्पताल की लैब आरटीपीसीआर जांच में पूरे प्रदेश में नंबर वन पर आई है।
इस पर डीएम ने कहा कि इसी प्रकार से आगे काम करने और जल्द से जल्द अलीगढ़ को कोरोना मुक्त बनाने के प्रयास करने हैं। वहीं, उन्होंने एमओआईसी को निर्देश दिए कि वे गंभीरता से कार्य करें और जो भी गंभीर मरीज सामने आ रहे हैं। उनको हर हाल में कोविड अस्पताल में ही भर्ती किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सीएमओ ने बताया कि जेएनएमसी में 100 बेड व दीन दयाल अस्पताल में 250 बेड हैं। इस प्रकार जिले में अब एल-2 में 350 बेड है। क्षमता बढ़ाने के लिए दीन दयाल में स्टाफ बढ़ाया जा रहा है। इस बैठक में एसएसपी, सभी एडीएम, सिटी मजिस्ट्रेट, एसीएम, एसडीएम मौजूद रहे।