अलीगढ़। कोरोना वायरस संक्रमण के चलते अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जेएन मेडिकल कॉलेज के एक विभाग के 64 वर्षीय चेयरमैन को दिल्ली के सर गंगाराम हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। जहां उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। उनकी पत्नी जो कि स्वयं चिकित्सा विभाग के एक बड़े पद से रिटायर हुई हैं, उन्होंने बताया के डॉक्टर के फेफड़ों में संक्रमण बढ़ गया है। उनके फेफड़ों में पानी भर गया है। इसके साथ साथ उनको निमोनिया भी हो गया है।
पत्नी ने बताया कि सर गंगा राम हॉस्पिटल में उनको आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है और किसी को भी उनसे मिलने की इजाजत नहीं है। उनके मुताबिक हॉस्पिटल के डॉक्टर लगातार उनके स्वास्थ्य पर नजर रख रहे हैं, लेकिन अभी कोई सुधार की स्थिति नजर नहीं आ रही है। बताया कि जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती होने के बाद हालत में कोई सुधार न होने पर उन्हें 2 दिन पहले दिल्ली लाया गया था। उस समय उनके फेफड़ों में पानी भरा हुआ था। अब यहां पर आने के बाद उन्हें निमोनिया की शिकायत भी हो गई है। दूसरी ओर एएमयू प्रशासन जेएन मेडिकल कॉलेज में चेयरमैन के संपर्क में आने वाले सभी डॉक्टर रेजिडेंट डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ की टेस्टिंग करा रहा है। अभी टेस्टिंग की प्रक्रिया चल रही है। संभावना व्यक्त की जा रही है कि कुछ और मामले भी पॉजिटिव पाए जा सकते हैं। हालांकि, चेयरमैन के परिवार के 9 सदस्यों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।