अलीगढ़। कोरोना वायरस संक्रमण अब पड़ोसी जनपदों को छोड़कर अलीगढ़ में पैर पसारता जा रहा है। जेएन मेडिकल कॉलेज में प्रतिदिन जहां आसपास के जनपदों के पॉजिटिव मामले प्रकाश में आ रहे थे, वहीं अब प्रतिदिन अलीगढ़ के पॉजिटिव मामले सामने आ रहे हैं। तेजी से बढ़ रहे पाजिटिव मामलों के बीच ही जिला प्रशासन और मेडिकल कॉलेज के बीच आरोप-प्रत्यारोप भी शुरू हो गए हैं।
रविवार को कुल 265 सैंपल की जांच की गई, जिसमें पांच पॉजिटिव केस अलीगढ़ के मिले। इस तरह अब तक जेएन मेडिकल कॉलेज में पॉजिटिव पाए गए केसों की संख्या 105 हो गई है। इसमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सभी जिले शामिल हैं। मेडिकल कॉलेज में कुल 4394 सैंपल अब तक जांच हो चुकी है।
अलीगढ़ में अब तक 17 लोगों को कोरोना पॉजिटिव होने के मामले प्रकाश में आ चुके हैं। इनमें जेएन मेडिकल कॉलेज के 3 डॉक्टर भी शामिल हैं। पिछले 4 दिनों में शहर में कोरोना पॉजिटिव मामले प्रकाश में आने की रफ्तार तेजी से बढ़ी है। इस स्थिति में जिला प्रशासन और कुछ राजनेताओं ने जेएन मेडिकल कॉलेज को संक्रमण फैलाने के लिए जिम्मेदार ठहराया है। तो दूसरी ओर जेएन मेडिकल कॉलेज प्रशासन एएमयू जनसंपर्क विभाग ने ऐसे आरोपों की निंदा करते हुए पूरी तरह निराधार बताया है। रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन ने भी इस तरह के आरोपों को बहुत दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया है।