कोरोना वायरस से संक्रमित एक मरीज को मतदान के अधिकार से वंचित होने का डर सता रहा है। वहीं एक दूसरा व्यक्ति ऑपरेशन कराकर अस्पताल में है।
एक सितंबर 2020 को अलीगढ़ औद्योगिक आस्थान सहकारी समिति का चुनाव है। तीन वार्डों में प्रतिनिधि का चुनाव होना है। एक वार्ड में चार और दो वार्डों में दो-दो प्रत्याशी मैदान में हैं। इसके मतदाता उद्यमी है। कोरोना वायरस का कहर औद्योगिक आस्थान में भी है। कई लोग संक्रमित हो चुके हैं। वर्तमान समय में एक उद्यमी संक्रमित हैं। कुछ ऐसे भी लोग हैं, जो सामने नहीं आए हैं। एक व्यक्ति का ऑपरेशन हुआ है और वर्तमान में अस्पताल में भर्ती है। कुछ लोग ऐसे भी हो जो परिवार या किसी के संपर्क में आने के कारण क्वारंटीन है। वह खुलकर सामने भी नहीं आना चाहते। समस्या यह है कि संक्रमित या बीमार लोग कोरोना काल में अपने मताधिकार का प्रयोग कैसे कर पाएंगे।
चुनाव औद्योगिक आस्थान में होता है। जो लोग मतदान स्थल तक आने में असमर्थ है, उनके लिए मतदान की व्यवस्था कराने के लिए अधिकारियों को भी पत्र लिखा गया है। जिला उद्योग केंद्र के उपायुक्त श्रीनाथ पासवान ने बताया कि गाइड लाइन के अनुसार चुनाव होगा। चुनाव अधिकारी इस संबंध में अंतिम निर्णय लेंगे। चुनाव अधिकारी प्रवीण कुमार ने बताया कि कोरोना मरीजों व बीमार लोगों के संबंध में अंतिम निर्णय प्रशासन स्तर से लिया जाएगा।