कोरोना संक्रमण के हल्के लक्षण वाले मरीजों को अब कोविड एल-1 अस्पताल में निशुल्क भर्ती होने के साथ ही निजी खर्च पर होटल में क्वारंटीन होने का भी विकल्प दिया जाएगा। कोरोना के चलते बंदी से जूझ रहे होटल संचालकों ने होटलों को क्वारंटीन सेंटर में तब्दील करने का प्रस्ताव जिला प्रशासन के सामने रखा था। इस पर डीएम ने अपनी सहमति दे दी है। एडीएम सिटी और एसीएम-2 को होटल एसोसिएशन व मालिकों से वार्ता कर उनकी सूची सीएओ ऑफिस भेजने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने बुधवार को कोरोना के बचाव और राहत संबंधी कार्यों की बैठक कलक्ट्रेट सभागार में की। बैठक में होटल एसोसिएशन व संचालकों की ओर से रखे गए प्रस्ताव को एसीएम-2 रंजीत सिंह ने जिलाधिकारी के सामनेे पेश किया। इस पर डीएम ने अपनी सहमति दे दी। उन्होंने कहा कि जो भी हल्के लक्षण वाले मरीज होटल में क्वारंटीन होना चाहेंगे। उनको होटल में रहने व खाने का खर्च स्वयं वहन करना होगा। होटल्स में मेडिकल स्टाफ व डाक्टरों की नियुक्ति जिला प्रशासन की ओर से की जाएगी। एडीएम सिटी राकेश मालपाणी और एसीएम-2 को होटल संचालकों व एसोसिएशन के पदाधिकारियों से वार्ता कर सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। डीएम ने निर्देश दिए कि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घर-घर जाकर सर्वे शुरू कर दिया है। समस्त एसडीएम अपने नेतृत्व में सर्वे कराएं। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र में तैनात नोडल अधिकारी घर-घर सर्वे के दौरान नियमित रूप से निरीक्षण करते रहें । सर्वे कर रहे कर्मचारियों को पर्याप्त मात्रा में मास्क व सैनिटाइजर दिए जाएं। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
जीवन ज्योति कोविड एल-1 शुरू, मजिस्ट्रेट व नोडल अधिकारी तैनात
जीवन ज्योति अस्पताल को कोविड एल-1 अस्पताल में तब्दील कर दिया गया है। इसमें 200 बेड की व्यवस्था की गई है। 24 घंटे के अनुसार शिफ्टवार डाक्टर्स की ड्यूटी लगाने का काम सीएमओ को सौंपा गया है। डीएम ने एसडीएम कोल को मजिस्ट्रेट व डिप्टी सीएमओ डॉ. दुर्गेश कुमार को नोडल अधिकारी नामित किया है।
अतरौली कोविड एल-1 के मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी एसडीएम अतरौली को मिली
जिलाधिकारी ने बताया कि उप जिलाधिकारी अतरौली पंकज कुमार को कोविड-19 एल-1 अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतरौली का मजिस्ट्रेट नामित किया गया है। दरअसल, डा. कुलदीप राजपुरी के परिवार में उनके पिता का स्वास्थ्य ठीक नहीं है, उन्हें जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। यदि डा. कुलदीप राजपुरी अपने पिता की देखभाल में व्यस्त रहते हैं तो भविष्य में चिकित्सा अधीक्षक, सीएचसी, हरदुआगंज को एल-1 अस्पताल सीएचसी अतरौली का इंचार्ज बनाया जाएगा।
ठेकेदारों ने कार्य में बरती लापरवाही तो होंगे ब्लैक लिस्ट
पंडित दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय, मलखान सिंह जिला चिकित्सालय, महिला चिकित्सालय में संबद्ध सभी ठेकेदारों को डीएम ने सोमवार की समीक्षा बैठक में बुलाया। डीएम ने ठेकेदारों को सख्त तौर पर चेतावनी दी कि अगर इस महामारी के दौरान ठेकेदार अपना कार्य ठीक से नहीं करेंगे तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई सहित ब्लैक लिस्ट की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।