अतरौली के लेवल वन कोविड-19 हॉस्पिटल में युवा जोश व उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी ताकत से यहां भर्ती कोरोना के एसिंप्टोमैटिक मरीज बीमारी को पराजित करने का प्रयास कर रहे हैं। मरीजों का वायरल वीडियो चर्चा में है। अतरौली सीएचसी के अधीक्षक भी इसे शुभ लक्षण के रूप में देख रहे हैं।
कोरोना समर्पित अतरौली के लेवल वन हॉस्पिटल में एसिंप्टोमैटिक मरीज यानी वैसे मरीजों को भर्ती किया जाता है जिनकी रिपोर्ट तो पॉजिटिव है, लेकिन उनमें कोरोना के कोई लक्षण नहीं दिखाई देते हैं। गुरुवार शाम को ऐसे ही मरीजों का वीडियो वायरल हुआ है।
इसमें अधिकतर युवा हैं और आइसोलेशन वार्ड में डांस करते व गाना गाते हुए दिख रहे हैं। इसमें गीत गाता हुआ 21 वर्षीय युवक जयजंग के सराय भोले नाथ का है। जबकि डांस करता हुआ 21 वर्षीय युवक मलहपुर का है। वीडियो में युवक मोबाइल पर गाना बजाकर डांस करता हुआ दिख रहा है।
युवकों ने फोन पर बताया कि खुश रहने व समय को बेहतर तरीके से व्यतीत करने के लिए हमलोग सामाजिक दूरी का ख्याल रखते हुए मिल जुल कर रहते हैं। हमारे साथ एक 11 साल का बालक है जो अहमदाबाद से आया है।
उसका मन बहलाने के लिए भी हमलोग डांस, गीत और योगा करते हैं। युवकों का कहना है कि वे लोग सुबह में कपाल भाति व अनुलोम विलोम भी कर रहे हैं। अतरौली सीएचसी के अधीक्षक डॉ. कुलदीप ने बताया कि मरीज दिल बहलाने के लिए डांस करते हैं या गीत गाते हैं, यह अच्छी बात है।
उनका जोश और उत्साह काबिले तारीफ है। हमलोग मरीजों के खाने-पीने से लेकर अन्य सुविधाओं का पूरा ख्याल रखते हैं। हमलोग भी चाहते हैं कि हमारे यहां भर्ती मरीज खुश रहें। कोरोना को हराने के लिए भी निराशा को भगाना जरूरी है।