कोरोना वायरस को लेकर नगर विकास विभाग के सचिव की समीक्षा के बाद जिला प्रशासन अब एक्टिव मोड में आ गया है। डीएम ने सीएमओ को एक ग्राफवार रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इसमें इस बात का उल्लेख किया जाएगा कि वायरस किस-किस समय अधिक और कम प्रभावी रहा। किस प्रकार के मरीज पाए गए। किन बीमारियों से ग्रस्त मरीजों की मौत हुई। सर्वाधिक नुकसान किस उम्र वर्ग के व्यक्तियों को वायरस ने पहुंचाया।
जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने कलक्ट्रेट सभागार में ली समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं को लेकर बृहस्पतिवार को भी अधिक जोर दिया। डीएम ने कहा कि किसी भी हाल में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। शासन के निर्देश पर वायरस के प्रभाव की एक समीक्षात्मक रिपोर्ट ग्राफवार तैयार करनी है।
इसके साथ ही शासन के किन-किन निर्देशों का अनुपालन जनपद में किस-किस दशा में किया गया। इसका भी खाका तैयार किया जाएगा। डीएम ने सीएमओ को निर्देश दिया कि वह एल-1 और एल-2 कोविड अस्पतालों में नियमित तौर पर जाएं। खासकर दीनदायल पर अधिक ध्यान दिया जाए। वहां जो भी खामियां पाई जाती हैं। उनके संबंध में अवगत कराते हुए संबंधित के खिलाफ कार्रवाई को लिखा जाए।
स्वास्थ्य विभाग में तालमेल की कमी, प्रतिदिन करें समीक्षा
जिलाधिकारी ने सीएमओ से साफ शब्दों में कहा कि स्वास्थ्य विभाग में आपसी तालमेल की कमी है। कुछ अधिकारी और कर्मचारी अपने वरिष्ठ की भी नहीं सुन रहे हैं। ऐसे लोगों पर निगाह बनाई जाए। इसके साथ ही प्रतिदिन स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की जाए। जिला प्रशासन की मीटिंग की तर्ज पर हर शाम चार बजे यह बैठक करने के बाद रात तक रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजी जाए।