अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जेएन मेडिकल कॉलेज के रेजिडेंट डॉक्टर, जिन्हें कुछ समय पूर्व कोविड-19 संक्रमित घोषित किया गया था। उन्हें बुधवार को आइसोलेशन वार्ड से स्वास्थ्य लाभ मिलने के बाद छुट्टी दे दी गई। डॉक्टर स्वस्थ होकर अपने घर को रवाना हो गए।
आइसोलेशन वार्ड से बाहर आते समय जेएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य तथा सीएमएस प्रो. शाहिद सिद्दीकी, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट प्रो. हारिस एम खान, उनकी चिकित्सक डॉ. लुबना जफर और उनकी टीम ने डॉक्टर को बधाई दी। इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के संबंधित विभागों के डॉक्टर्स तथा अन्य पैरामेडिकल स्टाफ भी उपस्थित था। स्वस्थ होने वाले डॉक्टर ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि वह मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों तथा नर्सों आदि के आभारी हैं कि उन्होंने पूरी तन्मयता के साथ उनके इलाज में गंभीरता दिखाई। डॉक्टर ने आइसोलेशन वार्ड में उपलब्ध सहूलियतों की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण से डरने की आवश्यकता नहीं है। इससे पूरे हौसले के साथ लड़ना चाहिए तथा समय पर दवा लेनी चाहिए ।
एएमयू के कुलपति प्रो. तारिक मंसूर ने भी डॉक्टर को स्वस्थ होने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक तथा पैरामेडिकल स्टाफ बधाई के पात्र हैं। प्रोफेसर मंसूर ने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य तथा सीएमएस प्रो. शाहिद सिद्दीकी को कोवड-19 से लड़ने में मेडिकल कॉलेज के बेहतर प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए कहा कि इस लड़ाई में जेएन मेडिकल कॉलेज अग्रणी भूमिका निभा रहा है। तथा इसके सभी चिकित्सक अपनी भरपूर सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज की सेवाएं बिना किसी भेद भाव के सभी के लिए उपलब्ध हैं।