कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए देश में व्यवस्थाओं में बदलाव हो रहे हैं। इसी क्रम में अलीगढ़ रेलवे जंक्शन के अधिकारियों ने यात्रियों को संक्रमण से बचाव के लिए एक प्लान तैयार किया है। इसके तहत अब यात्री को दो घंटे पहले ही रेलवे स्टेशन पहुंचना होगा, ताकि यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा सके। इसके अलावा टिकट धारकों को ही प्लेटफार्म में जाने की इजाजत मिलेगी। गौरतलब हो कि रेलवे एक जून से ट्रेनें चलाने जा रहा है।
स्टेशन अधीक्षक डीके गौतम के मुताबिक प्लान के तहत सिर्फ यात्रा की टिकट साथ लेकर आने वालों को ही प्लेटफार्म पर जाने की अनुमति दी जाएगी। यात्री को दो घंटे पहले स्टेशन आना होगा, जिससे कि यहां उनकी थर्मल स्क्रीनिंग कराई जा सके। इसके साथ ही यात्री को प्लेटफार्म पर बैठाने के दौरान पूरी तरह से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया जाएगा। हर यात्री का रिकार्ड एक रजिस्टर में अंकित किया जाएगा। अगर, किसी यात्री को खांसी, बुखार, जुखाम, सर्दी जैसे कोई लक्षण होंगे तो उसे यात्रा करने से रोका जाएगा। यात्रियों के स्टेशन पर प्रवेश के लिए एक द्वार रहेगा। जबकि दूसरे द्वार से निकासी की व्यवस्था रहेगी।
मेट्रो की तर्ज पर सुरक्षा कर्मी पहले ट्रेन से उतरने वाले यात्रियों को तरजीह देंगे। इसके बाद चढ़ने वाले यात्रियों को बोगी के अंदर प्रवेश कराया जाएगा। चढ़ने वाले यात्रियों को उनकी सीट और बोगी नंबर के हिसाब से ट्रेन के प्लेटफार्म पर आने से पांच मिनट पहले पूरी लाइन लगवाएंगे। इस पूरे प्लान को उच्चाधिकारियों को भेजा गया है। साथ ही अतिरिक्त फोर्स भी मांगा गया है।