कोरोना कर्फ्यू के 11वें दिन मंगलवार को शहर में चहल पहल रही। पुराने थोक के बाजार खुले तो खरीददारी के लिए भीड़भाड़ पहुंची। एक बजे तक लोगों ने शराब के ठेकों से खूब शराब खरीदी तो सुबह व शाम गली-मोहल्ले और शहर की विभिन्न कॉलोनियों में दुकानें खुलीं, जहां पर लोगों की अच्छी खासी भीड़ रही। सुबह 11 बजे के बाद पुराने बाजार सहित अन्य दुकानों को बंद कराने के लिए पुलिसकर्मियों को पसीना बहाना पड़ा। वहीं, रामघाट रोड, जीटी रोड व आगरा रोड पर दिनभर आवागमन होता रहा।
मंगलवार की सुबह महावीर गंज और बारहद्वारी बाजार में खरीददारी के लिए लोग पहुंचे। इसके अलावा, शहर के रामघाट रोड, आगरा रोड व जीटी रोड पर एक बजे तक तो शराब की बिक्री चलती रही। कहीं भी सामाजिक दूरी का पालन नहीं हुआ।
सुबह आठ से 11 बजे तक सब्जी, फल, दूध और घरेलू सामान का व्यापार कालोनियों की दुकानों से चलता रहा। 11 बजे पुलिसकर्मियों ने विभिन्न बाजार और सड़क पर लगने वाले फड़ व्यापार को बंद कराया। इसके अलावा, नौकरीपेशा और आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोग अपने कार्य को अंजाम देते रहे।
शहर के चौराहों पर लालबत्ती पर रुकने वाला यातायात और शहर की भीड़भाड़ की तस्वीर साफ कह रही थी कि कोरोना कर्फ्यू भले ही लागू हो। लेकिन शहर का माहौल खुला खुला सा है। हालांकि इस बीच पुलिस ने महामारी अधिनियम के साथ हेलमेट न पहनने वालों के चालान काटे।